
वाराणसी। नई दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। शुक्रवार को बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली दो प्रमुख सुपरफास्ट ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इनमें शिवगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस शामिल हैं। दोनों ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12559 शिवगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 12581 बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुक्रवार को नई दिल्ली के लिए रवाना नहीं होंगी। वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि परिचालन प्रशासन की ओर से मिले निर्देशों के तहत दोनों ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
इन ट्रेनों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब अपने सफर के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है। खासकर पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि घर से निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे से संबंधित ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक पूछताछ सेवा का सहारा लें।
