11 अगस्त से खुलेंगे छात्रवृत्ति के द्वार! जानिए कब करें आवेदन, नहीं तो छूट सकता है बड़ा मौका

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत कक्षा 9 से लेकर उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू होगी। छात्र-छात्राओं को www.scholarshipup.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपने शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।

आवेदन के बाद शिक्षण संस्थान ऑनलाइन सत्यापन करेंगे, विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराया जाएगा तथा जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से आवेदन अग्रसारित किए जाएंगे। इसके बाद एनआईसी लखनऊ द्वारा स्क्रूटनी, संबंधित विभागों द्वारा सत्यापन और जिला स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति की संस्तुति के उपरांत पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में जनवरी 2027 के अंतिम सप्ताह तक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी जाएगी।

वहीं इंटरमीडिएट से ऊपर की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी। विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध तरीके से सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और आवेदन अग्रसारण की कार्रवाई पूरी की जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद पात्र विद्यार्थियों के खातों में जनवरी 2027 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए आवेदन, सत्यापन और अग्रसारण की सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी का छात्रवृत्ति का लाभ न छूटे। साथ ही छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध समय-सारिणी का अवलोकन कर सभी आवश्यक जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें।

TOP

You cannot copy content of this page