सावन में शिवभक्तों को नहीं होगी परेशानी! काशी में QRT रहेगी 24 घंटे अलर्ट, घाटों से पंचकोशी मार्ग तक कड़ी निगरानी

वाराणसी। सावन में काशी आने वाले लाखों शिवभक्तों और कांवरियों की सुविधा के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए नगर निगम ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया है, जो सफाई, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान करेगी।

महापौर ने श्री काशी विश्वनाथ धाम, दशाश्वमेध, शीतला, राजेंद्र प्रसाद और अस्सी घाट सहित प्रमुख शिवालयों और उनसे जुड़ी गलियों की सुबह-शाम विशेष सफाई कराने, आवारा पशुओं पर नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और शहर को भिक्षामुक्त बनाने के निर्देश दिए। पंचकोशी मार्ग की मरम्मत और सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जबकि कांवर शिविरों में शुद्ध पेयजल, डस्टबिन, चूना छिड़काव और अस्थायी प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि सावन के दौरान अतिक्रमण के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा काशी विश्वनाथ धाम से लेकर सारंगनाथ सहित सभी प्रमुख शिवालयों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page