शिवदासपुर में एक फेज़ की बिजली आपूर्ति ठप, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से लगाई गुहार

वाराणसी। शिवदासपुर क्षेत्र के पंचायत भवन के पास पिछले कुछ समय से बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बार-बार बिजली की आवाजाही हो रही है और वर्तमान में एक फेज़ की सप्लाई पूरी तरह बाधित है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक फेज़ बंद होने के कारण कई घरों में बिजली उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। इसके चलते दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और उमस भरी गर्मी में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों ने विद्युत वितरण विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित एक प्रार्थना पत्र देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया है कि विभाग तत्काल मौके पर जांच कर खराब फेज़ या लाइन की मरम्मत कराए, ताकि क्षेत्र में नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल हो सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, लोगों को उम्मीद है कि विद्युत विभाग मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर राहत प्रदान करेगा।

TOP

You cannot copy content of this page