
वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बनारस ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए “ऑपरेशन अमानत” के तहत ट्रेन में छूटा एक टैबलेट (ई-बुक) उसके फ्रांसीसी मालिक को सुरक्षित वापस सौंप दिया। अपना खोया सामान मिलने पर विदेशी यात्री ने RPF की सेवा भावना और भारत की ईमानदारी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को शाम करीब 4:10 बजे फ्रांस के पेरिस निवासी अम्बाच अल्बर्टिनी (AMBACH ALBERTINI) आरपीएफ पोस्ट बनारस पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह ट्रेन संख्या 20178 से आगरा से बनारस तक यात्रा कर रहे थे और कोच C4, सीट संख्या 8 पर उनका टैबलेट (ई-बुक) छूट गया था। इसकी सूचना उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पता चला कि ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात OBHS स्टाफ आकाश कुमार और हेड कांस्टेबल राम जीत को सीट पर टैबलेट मिला था। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे आरपीएफ पोस्ट पर सुरक्षित जमा करा दिया।
आरपीएफ ने यात्री के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों का मिलान कर पूरी पुष्टि के बाद शाम करीब 5 बजे टैबलेट उसे सुपुर्द कर दिया। यात्री के अनुसार टैबलेट की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है।
अपना खोया हुआ सामान वापस मिलने पर फ्रांसीसी यात्री बेहद खुश नजर आए। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की कार्यशैली, सेवा भावना और भारत की ईमानदारी की सराहना करते हुए RPF टीम का आभार व्यक्त किया। यह कार्रवाई यात्रियों के खोए सामान को सुरक्षित लौटाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत की एक और सफल मिसाल बन गई।
