जेवर एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वाले किसानों का लखनऊ में सम्मान, सीएम बोले- यह एयरपोर्ट आपकी तकदीर बदल देगा
लखनऊ, 15 जून। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के निर्माण के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले किसानों का सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। जेवर से लखनऊ के लिए शुरू हुई पहली कमर्शियल फ्लाइट से 28 महिलाओं सहित कुल 170 किसान राजधानी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि आज जेवर केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि विकास और संभावनाओं का नया प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी है कि “कुबेर भी जेवर आना चाहते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राज्य सरकार ने जेवर में एयरपोर्ट निर्माण का निर्णय लिया था, तब भूमि अधिग्रहण एक बड़ी चुनौती थी। किसानों के सहयोग और विश्वास के कारण आज यह परियोजना साकार हुई है। उन्होंने किसानों को याद दिलाते हुए कहा कि उस समय उनसे कहा गया था कि यह एयरपोर्ट उनकी तकदीर बदल देगा, और आज वह सपना हकीकत बनता दिखाई दे रहा है।
“वक्त सबका आता है, अवसर का लाभ लेने वाले इतिहास रचते हैं”
सीएम योगी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि समय सभी के जीवन में आता है, लेकिन कुछ लोग अवसर का लाभ उठाकर इतिहास रचते हैं, जबकि कुछ लोग उसे गंवा देते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने सरकार पर विश्वास किया और विकास की इस यात्रा में भागीदार बने। इसी का परिणाम है कि 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर एयरपोर्ट परियोजना आगे बढ़ सकी और आज इसका पहला चरण पूरा हो चुका है।
भारत के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक दिन
मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत केवल जेवर या गौतमबुद्ध नगर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा, किसानों के सहयोग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को दिया।
अपराध प्रभावित क्षेत्र से निवेश के वैश्विक केंद्र तक का सफर
सीएम ने कहा कि नौ वर्ष पहले जेवर क्षेत्र अपराध, असुरक्षा और विकास की कमी के लिए जाना जाता था। शाम होते ही लोगों का आवागमन प्रभावित हो जाता था, युवाओं के सामने रोजगार का संकट था और किसानों को बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता था। आज वही क्षेत्र देश और दुनिया की बड़ी कंपनियों को आकर्षित कर रहा है।
कार्गो हब और एमआरओ सेंटर बनेगा जेवर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट देश का पहला बड़ा कार्गो और एमआरओ (मेंटिनेंस, रिपेयरिंग एवं ओवरहॉलिंग) केंद्र बनने जा रहा है। इससे प्रदेश के किसान अपने कृषि उत्पादों, फल, सब्जियां और मत्स्य उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकेंगे।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आम स्थानीय बाजार में जहां 50 रुपये प्रति किलो बिकता है, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में उसकी कीमत 800 से 1000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है। परिवहन लागत घटाने के बाद भी किसानों को कई गुना अधिक लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
विश्वस्तरीय उद्योग और विश्वविद्यालय आएंगे जेवर
सीएम योगी ने कहा कि आने वाले समय में जेवर क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग यूनिट, सेमीकंडक्टर उद्योग, डेटा सेंटर, फिल्म सिटी, टॉय पार्क, अपैरल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क तथा आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स आधारित आधुनिक औद्योगिक नगर विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व रैंकिंग वाले पांच प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय भी यहां अपने कैंपस स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं।
स्थानीय युवाओं को घर के पास मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट और उससे जुड़े निवेश के कारण बड़े पैमाने पर प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता होगी। इसके लिए यमुना प्राधिकरण और टाटा समूह के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है, जहां आधुनिक तकनीक, कौशल विकास, डिप्लोमा और डिग्री स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का भी होगा विस्तार
जेवर विधायक की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज शुरू करने, चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने, ट्रामा सेंटर स्थापित करने और खेल अधोसंरचना विकसित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जेवर को केवल औद्योगिक और आर्थिक केंद्र ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी विकसित करेगी।
किसानों को भरोसा दिलाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। किसानों को कभी निराश नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अपनी ही भूमि पर बने एयरपोर्ट से पहली उड़ान में बैठकर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचना किसानों के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा किसानों और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, जेवर विधायक , मुख्यमंत्री के सलाहकार , अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
