वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के ककरमत्ता निवासी व्यापारी इरशाद अहमद के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 3 लाख 1 हजार रुपये उड़ा दिए। हैरानी की बात यह है कि व्यापारी का कहना है कि उन्होंने न तो कोई संदिग्ध लिंक खोला और न ही किसी को ओटीपी साझा किया। इसके बावजूद खाते से इतनी बड़ी रकम निकल गई।
इरशाद अहमद का खाता भिखारीपुर स्थित इंडियन बैंक की शाखा में है। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त की शाम उनके मोबाइल पर बैंक से कॉल आने की बात कही गई। कॉल के दौरान खाते से रुपये कटने की जानकारी दी गई। उन्हें बातचीत संदिग्ध लगी तो उन्होंने तत्काल फोन काट दिया।
इरशाद के मुताबिक, उन्हें लगा कि यह साइबर फ्रॉड की कोशिश है। उन्होंने न कोई लिंक खोला और न ही अपना ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा की। इसके बावजूद कुछ देर बाद मोबाइल पर आए मैसेज देखकर उनके होश उड़ गए। मैसेज में खाते से कुल 3 लाख 1 हजार रुपये निकलने की जानकारी थी।
घटना के बाद व्यापारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। इतनी बड़ी रकम खाते से निकल जाने के बाद साइबर ठगी के तरीके को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और खाते से रकम निकाले जाने के तरीके का पता लगाने में जुटी है।
