
वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित नक्खीघाट के मौजा हाल, भरत नगर में गुरुवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। खाली जमीन पर बनी करीब 30 झोपड़ियां आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। राहत की बात यह रही कि अधिकांश परिवार पश्चिम बंगाल में मतदान के लिए अपने गांव गए हुए थे, जिससे बड़ा जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 4 बजे अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर तक काला धुआं दिखाई दे रहा था। इस दौरान झोपड़ियों में रखे छोटे गैस सिलेंडरों में धमाके भी हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही जैतपुरा और लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी झोपड़ियां जल चुकी थीं।
स्थानीय लोगों ने आग की घटना पर आक्रोश जताते हुए अवैध बस्ती को सुरक्षा के लिए खतरा बताया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
