मड़ौली में रवि पंखा इंडिया की फैक्ट्री में भीषण आग, आसपास के मकान खाली कराए गए

शॉर्ट सर्किट की आशंका, तारपीन-सॉल्वेंट के ड्रमों ने बढ़ाई चुनौती; संकरी गली के चलते जीटी रोड से पाइप बिछाकर बुझाई जा रही आग

वाराणसी(काशीवार्ता)। मंडुवाडीह क्षेत्र के मड़ौली क्षेत्र स्थित रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की भयावहता को देखते हुए मंडुवाडीह थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास स्थित करीब 25 मकानों को खाली करा दिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
फैक्ट्री के मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता के मुताबिक, रात में संतोष मौर्य गार्ड की ड्यूटी पर तैनात थे। भोर करीब 4 बजे उन्होंने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा। इसके बाद तत्काल मैनेजर और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
फैक्ट्री परिसर में पंखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तारपीन, सॉल्वेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में रखे थे। ऐसे में आग बुझाने के दौरान फायरकर्मियों को बेहद सावधानी बरतनी पड़ी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग बुझने और जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
आग की लपटों और गर्मी को देखते हुए मंडुवाडीह पुलिस ने आसपास के घरों को खाली कराया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। घटना के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फायर ब्रिगेड के ऑफिसर विनोद पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने वाला रास्ता काफी संकरा है। इसके कारण दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के पास तक नहीं पहुंच पा रही थीं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जीटी रोड पर खड़ी कर पाइप के जरिए पानी फैक्ट्री तक पहुंचाया गया। पानी खत्म होने पर चांदपुर स्थित एक फैक्ट्री से पानी भरकर दमकल की टीम दोबारा आग बुझाने में जुटी रही।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी तेज गर्मी से फैक्ट्री की दो मंजिला इमारत के पिलर आगे की ओर झुकने लगे। ऐसे में भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना रहा। फायरकर्मी आसपास के हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए आग पर लगातार पानी का छिड़काव करते रहे।
फैक्ट्री प्रबंधन के मुताबिक, आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है। मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद स्टॉक और तैयार माल का मिलान किया जाएगा, जिसके बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

फैक्ट्री के डायरेक्टर संजीव जयपुरिया, निवासी ब्रिज एल्क्लेव, सुंदरपुर, वाराणसी, वर्तमान में हैदराबाद में हैं। घटना की सूचना उन्हें भी दे दी गई है।
समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्री की इमारत से धुआं उठ रहा था और फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं।

TOP

You cannot copy content of this page