जमीन विवाद से आहत युवक बीएसएनएल टावर पर चढ़ा, घंटों चला मनाने का प्रयास

वाराणसी (काशीवार्ता)। थाना कैंट कमिश्नरेट क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू कर दिए।

प्रभारी निरीक्षक कैंट के अनुसार टावर पर चढ़े युवक से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया। बातचीत में उसने अपना नाम राजेश पुत्र चंद्रबली (35 वर्ष), निवासी चंदापुर थाना चोलापुर बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका अंकित गुप्ता नामक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान है।

राजेश ने यह भी बताया कि उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार उसे समझाने-बुझाने में जुटी रही। लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट किया गया और फोन के जरिए भी उससे बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की गई, ताकि वह सुरक्षित नीचे उतर सके।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए, जिससे क्षेत्र में काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने लोगों को दूर रखने के लिए सुरक्षा घेरा भी बनाया। समाचार लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था और पुलिस, फायर ब्रिगेड तथा प्रशासनिक अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे।

TOP

You cannot copy content of this page