
वाराणसी। शनिवार को तेज आंधी और बारिश के बीच अवलेशपुर-कदंवा स्थित पंचकोशी रोड पर रेवागीरं तालाब के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और पंचकोशी रोड पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस वक्त पेड़ सड़क पर गिरा, उस समय मार्ग पर राहगीरों और वाहनों की आवाजाही जारी थी। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पेड़ के अचानक गिरने से सड़क पर यातायात थम गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सड़क से पेड़ हटाने की कवायद शुरू की। काफी देर तक मार्ग बाधित रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान पुराने व विशाल पेड़ों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं से किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
