वाराणसी नगर निगम की सदन बैठक शनिवार को टाउनहॉल में मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता, कर व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित सभी पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का सबसे बड़ा निर्णय शहर की सीमा के भीतर संचालित मांस और मछली की दुकानों को बाहर स्थानांतरित करने का रहा। इसके लिए रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर में नए केंद्र विकसित किए जाएंगे। शिवपुर में लगभग 500 दुकानों वाली फुटकर फल मंडी बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया।
नगर निगम ने तकनीकी क्षेत्र में भी नई पहल करते हुए एआई चैटबॉट सेवा शुरू की। इसके जरिए नागरिक 8601872601 नंबर पर मकान नंबर या आईडी दर्ज कर घर बैठे गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा कर सकेंगे। इस सुविधा के साथ वाराणसी उत्तर प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है, जहां एआई चैटबॉट के माध्यम से टैक्स भुगतान की व्यवस्था शुरू हुई है।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत ‘नो फ्यूल डे’ मनाया गया। मेयर और नगर आयुक्त सहित कई जनप्रतिनिधि ई-रिक्शा और ई-टेम्पो से बैठक में पहुंचे।
बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सपा और भाजपा पार्षदों के बीच बहस भी हुई। पार्षदों ने विकास कार्यों में पारदर्शिता, अवैध कब्जों पर कार्रवाई और बहुमंजिला भवनों को गृहकर के दायरे में लाने की मांग उठाई।
