दूल्हे का हत्यारोपी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर

मुठभेड़ में थाना पर प्रभारी को लगी गोली , सिपाही बाल बाल बचा

जौनपुर में दुल्हन के ममेरे भाई के साथ वारदात की थी, लव-मैरिज से नाराज था

जौनपुर में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की हत्यारोपी रवि यादव (28) रविवार रात 3 बजे पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। रवि दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद का दोस्त था। 24 दिन पहले यानी 1 मई को दोनों ने कार रोककर दूल्हे आजाद बिंद (21) को गोली मार दी थी। वजह यह थी कि दूल्हा लव मैरिज कर रहा था और दुल्हन का ममेरा भाई इसके खिलाफ था। पलिस जांच में सामने आया था कि प्रदीप के दोस्त भोले राजभर ने दूल्हे की लोकेशन आरोपियों को शेयर की थी। इसके बाद प्रदीप और रवि ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी में प्रदीप-रवि नजर आए थे। पुलिस ने दूल्हे के पिता राम लखन बिंद की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात को चेकिंग के दौरान रवि ने बाइक नहीं रोकी और भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ शहर से 25 किलोमीटर दूर खेतासराय थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस हत्याकांड में अब तक आरोपियों को पनाह देने और सहयोग करने के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। दुल्हन का ममेरा भाई प्रदीप बिंद और उसका दोस्त भोले राजभर अभी फरार हैं।
मुठभेड़ में थानाप्रभारी को गोली लगी, सिपाही बाल-बाल बचा घायल थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया- खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी में हम लोग चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर दो लोग आते दिखे। उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे निर्माणाधीन बाइपास की ओर भागने लगे। जब पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपने बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें एक बदमाश रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा मौका पाकर भाग गया। रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में मुझे हाथ में गोली लगी है। वहीं, एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। रवि यादव के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज थे।

TOP

You cannot copy content of this page