वाराणसी के गंगा पार क्षेत्र में पूर्वांचल के विकास और निवेश को नई दिशा देने के उद्देश्य से 500 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ‘अप्रवासी भारतीय (NRI) टाउनशिप’ विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर ‘श्री साईं बाबा इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. (SSB ग्रुप)’ और ‘UAE बिहार संगठन’ के अध्यक्ष सतेंद्र सिंह के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) किया जा रहा है।
यह परियोजना उत्तर प्रदेश रेरा (UP RERA) और वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के मानकों के अनुरूप विकसित की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीयों को सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद निवेश का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक जड़ों से जुड़े रह सकें।
प्रस्तावित टाउनशिप में आधुनिक आवासीय सुविधाओं के साथ बेहतर सड़क, हरित क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे। परियोजना से गंगा पार क्षेत्र में शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस समझौते की औपचारिक घोषणा के अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक राम गोपाल सिंह, क्रेडाई पूर्वांचल के अध्यक्ष जीतेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग और प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में परियोजना से क्षेत्र में उत्पन्न होने वाले रोजगार, व्यापार और निवेश के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह NRI टाउनशिप न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के रियल एस्टेट और आर्थिक विकास के लिए एक बड़ा कदम साबित हो सकती है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।
