मंडुवाडीह में 16 घंटे से बिजली गुल, लगभग एक लाख की आबादी परेशान

वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र में शनिवार रात 11 बजे से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मंडुवाडीह बाजार, आदर्श नगर, डिहवा, पंचपेड़वा समेत आसपास के इलाकों की लगभग एक लाख की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। रात में अचानक ट्रांसफॉर्मर खराब होने से बिजली चली गई, जिसके बाद से अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।

बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर सुबह के समय देखने को मिला, जब पानी की सप्लाई भी बाधित हो गई। पानी न आने से लोगों को नित्यक्रिया और दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घरों में मोटर न चल पाने के कारण पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग परेशान दिखे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली विभाग को रात में ही सूचना दे दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान समय पर नहीं हो सका। रविवार को दिन में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलने का काम शुरू किया, फिर भी दोपहर 3 बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।

लगातार 16 घंटे से बिजली गुल रहने के कारण व्यापारियों का काम भी प्रभावित हुआ है। लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सके।

TOP

You cannot copy content of this page