चंदौली (काशीवार्ता)। शहाबगंज थाना क्षेत्र के केराडीह गांव के एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव शुक्रवार को सड़क किनारे लगे एक आम के पेड़ से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार केराडीह निवासी बिशुन विश्वकर्मा (50 वर्ष) का शव सपही के पास बनकगरे रोड स्थित एक मंदिर के समीप आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। राहगीरों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी हड़कम्प मच गया। लोगों ने घटना की सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि बिशुन विश्वकर्मा फर्नीचर बनाने का कार्य करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शहाबगंज थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस बाबत शहाबगंज थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
आम के पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव
