वाराणसी। शिवपुर का ऐतिहासिक एवं प्राचीन भगवान जगन्नाथ रथयात्रा मेला रविवार, 19 जुलाई को पूरे धार्मिक उल्लास और आस्था के साथ आयोजित होगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ अपने पारंपरिक स्थल पुरानी चुंगी, शिवपुर पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित किया जाएगा, जहां हजारों भक्त भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
रथयात्रा को लेकर पूरे शिवपुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। मेला समिति और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस चौकी गिलट बाजार से लेकर लालजी कुआं तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रथयात्रा मेला समिति के संरक्षक एवं व्यवस्थापक डॉ. ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह (डी.डी.) ने बताया कि यह मेला शिवपुर की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथयात्रा में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मेले में अनुशासन बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
रविवार को निकलने वाली इस ऐतिहासिक रथयात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। श्रद्धालुओं के स्वागत और सुचारु आयोजन के लिए समिति की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
