योगी सरकार बना रही हाईटेक पुलिस लाइन, पुलिसकर्मियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
वाराणसी, 17 मई: कभी नक्सल प्रभावित रहे चंदौली जनपद को अब जल्द ही अपनी अत्याधुनिक पुलिस लाइन की सौगात मिलने जा रही है। वर्षों तक प्रशासनिक ढांचे और बुनियादी सुविधाओं की उपेक्षा झेलने वाले जिले में अब योगी सरकार 281.10 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पुलिस लाइन का निर्माण करा रही है। यह परियोजना चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर भोजापुर क्षेत्र में लगभग 32.50 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही है।
जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर बन रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नई पुलिस लाइन बनने के बाद जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी, साथ ही पुलिसकर्मियों को आधुनिक कार्य और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
दो दशक तक नहीं थी अपनी पुलिस लाइन
चंदौली जनपद बनने के बाद भी लंबे समय तक यहां अपनी पुलिस लाइन नहीं थी। पुलिस विभाग को प्रशासनिक कार्यों और आवासीय व्यवस्थाओं में कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिले की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए यह जरूरत लगातार महसूस की जा रही थी।
योगी सरकार ने इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लाइन निर्माण की योजना को जमीन पर उतारा। इसे पूर्वांचल में पुलिस ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के लिए बन रहे मल्टीस्टोरी फ्लैट
नई पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 4 बीएचके, 2 बीएचके और 1 बीएचके फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। यहां चंदौली की सबसे ऊंची पुलिस आवासीय इमारत भी बनाई जा रही है, जिसमें भूतल प्लस 14 मंजिल का निर्माण होगा। इसके अलावा भूतल प्लस 9 मंजिला भवन भी तैयार किया जा रहा है।
पुलिस लाइन में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
नई पुलिस लाइन को आधुनिक पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित किया जा रहा है। परिसर में आवासीय और गैर-आवासीय दोनों प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रस्तावित निर्माण कार्य
- आवासीय भवन (टाइप-ए) G+9
- आवासीय भवन (टाइप-बी) G+14
- एडमिन ब्लॉक (G+3)
- इंडोर जिम (G+3)
- 200 क्षमता वाला बैरक (G+4)
- 300 क्षमता वाला बैरक (G+5)
- महिला बैरक 50 क्षमता (G+1)
- टाइप-4 आवास के तीन भवन
- आरआई आवास
- क्वार्टर गार्ड
- 4 सुइट्स वाला राजपत्रित गेस्ट हाउस (G+1)
- पुलिस क्लब
- मोटर लाइन कॉम्प्लेक्स एवं गैरेज
- हॉस्पिटल
- बिजली सब स्टेशन
- आरटीसी स्कूल (G+2)
- ट्रांजिट हॉस्टल (G+2)
बेहतर सुरक्षा और तेज पुलिस सेवाओं का मिलेगा लाभ
सरकार का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस पुलिस लाइन के बनने से चंदौली को सुव्यवस्थित पुलिस प्रशासनिक केंद्र मिलेगा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थित आवास मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी, वहीं आम जनता को बेहतर सुरक्षा और त्वरित पुलिस सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।
