कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार रात रोड रेज की एक भयावह घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। यशोदा नगर बाईपास स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के पास मामूली बाइक टक्कर के बाद हुए विवाद में 60 वर्षीय शिवनारायण त्रिवेदी और उनके 28 वर्षीय पुत्र शिवम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे पुत्र सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शिवनारायण अपने दोनों बेटों के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी अपाचे बाइक की हल्की टक्कर हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने ईंट, हेलमेट और चाकुओं से हमला कर दिया। पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना समाज में बढ़ती असहिष्णुता और आक्रामकता की गंभीर तस्वीर पेश करती है, जहां छोटी सी कहासुनी भी जानलेवा हिंसा में बदल रही है।
