
लखनऊ/वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया है। इस फेरबदल में सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदलकर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई सूची के अनुसार अशोक चौरसिया को भाजपा का काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। काशी क्षेत्र संगठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसमें वाराणसी सहित पूर्वांचल के कई जिले शामिल हैं। उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
भाजपा की नई टीम में 19 प्रदेश उपाध्यक्ष, 8 प्रदेश महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के साथ महिलाओं, युवाओं और पिछड़े वर्गों को भी प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी को संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। वहीं, अशोक चौरसिया के सामने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया है।
