लखनऊ, 24 अप्रैल — मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा राहत भरा निर्णय लिया है। ऊर्जा मंत्री ने घोषणा की कि 1 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस नेगेटिव हो जाए।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को राहत देना और उन्हें भुगतान के लिए पर्याप्त समय देना है। इसके साथ ही 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। अब ऐसे उपभोक्ताओं का कनेक्शन 200 रुपये तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा।
5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम लागू
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि पारदर्शिता और सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले उसे 5 बार एसएमएस के जरिए सूचना देना अनिवार्य होगा, ताकि उपभोक्ता समय रहते अपना बकाया जमा कर सके।
भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति पर विशेष ध्यान
गर्मी को देखते हुए सभी जिलों के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने और अनुरक्षण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का फोकस है कि किसी भी उपभोक्ता को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
30 लाख नए बिजली खंभे लगाए गए
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए अब तक करीब 30 लाख नए बिजली खंभे लगाए जा चुके हैं। साथ ही ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है, जिससे आपूर्ति बेहतर हुई है।
उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है और सरकार जनता को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
