
मीरजापुर। बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब को मीरजापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरामद किया है। थाना अहरौरा पुलिस ने दो चारपहिया वाहनों से शराब की खेप पकड़ी और तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा सफारी और स्कोडा कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वनस्थली महाविद्यालय के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान टाटा सफारी और स्कोडा कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग ब्रांड की कुल 488 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के गढ़वा निवासी सूर्य प्रताप शुक्ला, सत्यम कुमार तथा मीरजापुर के अदलहाट निवासी अनिल यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनिल यादव जिगना स्थित एक कंपोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन है और उसी के माध्यम से विभिन्न दुकानों से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के लिए भेजी जाती थी। पुलिस से बचने के लिए तस्कर वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगाते थे।
बरामद शराब में ब्लेंडर प्राइड, रॉयल स्टैग, मैजिक मूवमेंट, स्मिरनॉफ मिन्टी जामुन, आफ्टर डार्क ब्लू और रॉयल चैलेंज सहित कई ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना अहरौरा में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
