
संवाददाता काशीवार्ता, भदोही।
तीन दिवसीय “भदोही महोत्सव 2026” का गुरुवार को अभनपुर खेल मैदान, चौरी रोड भदोही में भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव की शुरुआत सामूहिक योग सत्र के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।
सुबह की ताजी हवा और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच आयोजित योग सत्र में भदोही महोत्सव के अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा, जीवनदीप समिति के डायरेक्टर डॉ. ए.के. गुप्ता सहित सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि भदोही महोत्सव का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना भी है।
सुबह से ही आयोजन स्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर योग सत्र में हिस्सा लिया। पूरे मैदान में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
आयोजकों के अनुसार 15, 16 और 17 मई तक चलने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, सम्मान समारोह, लोकगीत, नृत्य प्रस्तुतियां और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे।
