मुंबई से लौटने के बाद दंपती ने खाया विषाक्त पदार्थ, पत्नी की मौत, पति जिंदगी की जंग लड़ रहा

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सराय छोटू गांव में घरेलू विवाद ने एक नवविवाहित परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मुंबई से गांव लौटने के महज दो दिन बाद पति-पत्नी ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान 23 वर्षीय पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार सराय छोटू गांव निवासी रामवृक्ष यादव के इकलौते पुत्र अजय यादव (26) की शादी वर्ष 2024 में वाराणसी के चौबेपुर निवासी सूबेदार यादव की पुत्री सपना (23) से हुई थी। अजय रोज़गार के सिलसिले में मुंबई में काम करते हैं। करीब 20 दिन पहले वह मुंबई गए थे और दो दिन पहले ही गांव लौटे थे।

सोमवार को किसी घरेलू बात को लेकर अजय और सपना के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

इलाज के दौरान पत्नी ने तोड़ा दम

अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन सपना की हालत लगातार बिगड़ती गई। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं अजय यादव को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

घरेलू कलह की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में छाया मातम

सपना की मौत की खबर मिलते ही सराय छोटू गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिलाओं के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मामूली घरेलू विवाद इतना बड़ा हादसा बन जाएगा और एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ जाएंगी।

TOP

You cannot copy content of this page