योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: वाराणसी को मिला महिला छात्रावास, मेधावी बेटियों को स्कूटी, रोडवेज में दौड़ेंगी 250 नई ई-बसें

लखनऊ/वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और परिवहन से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी। सबसे बड़ी सौगात वाराणसी को मिली, जहां 500 बेड का अत्याधुनिक कामकाजी महिला छात्रावास बनाया जाएगा। साथ ही वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट में 112 छात्राओं की क्षमता वाले नए छात्रावास के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट ने प्रदेश में 250 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को भी मंजूरी दी है। करीब 425.50 करोड़ रुपये की लागत से खरीदी जाने वाली इन बसों में 100 बसें 50 सीटर और 150 बसें 41 सीटर होंगी। सरकार 400 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी, जबकि 25.50 करोड़ रुपये यूपीएसआरटीसी वहन करेगा। नई बसों की खरीद में उत्तर प्रदेश के निर्माताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक परिवहन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार ने ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ की एसओपी को भी मंजूरी दे दी। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक की टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को पेट्रोल स्कूटी दी जाएगी। स्कूटी के साथ हेलमेट, बीमा, पंजीकरण, चार लीटर पेट्रोल और आवश्यक एक्सेसरीज भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य बेटियों की उच्च शिक्षा तक आसान पहुंच और ड्रॉपआउट दर में कमी लाना है।

इसके अलावा कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश विधानमंडल का तृतीय सत्र 3 अगस्त 2026 से बुलाने का निर्णय भी लिया। इस सत्र में वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट, अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी कार्य सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे।

इन फैसलों को प्रदेश में शिक्षा, महिला सुरक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page