
वाराणसी। लंबे समय से चर्चा में रही दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना अब आखिरकार धरातल पर उतरने लगी है। रविवार को दालमंडी में सड़क निर्माण कार्य के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब 221 करोड़ रुपये की लागत से दालमंडी की लगभग 650 मीटर लंबी सड़क को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क चौड़ीकरण के साथ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवागमन को सुगम करने की योजना है।
भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य के शुरुआती चरण में सबसे पहले सड़क निर्माण के लिए जमीन का समतलीकरण किया जाएगा। इसके बाद ड्रेन और डक्ट निर्माण के लिए खुदाई का काम शुरू होगा। परियोजना के तहत सड़क को व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने के साथ ही आवश्यक बुनियादी सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा।
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण को काशी के प्रमुख विकास कार्यों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से प्रस्तावित इस परियोजना को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा होती रही है। अब निर्माण कार्य शुरू होने के बाद परियोजना के आकार लेने की उम्मीद बढ़ गई है।
दालमंडी मार्ग काशी विश्वनाथ धाम की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। ऐसे में सड़क चौड़ी होने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में जाम की समस्या कम करने और यातायात को अधिक व्यवस्थित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
