लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। तबादला सूची में कई जिलों के पुलिस कप्तानों को बदला गया है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभिन्न जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव किया गया है।
तबादला सूची के अनुसार विनीत जायसवाल (आरआर-2014) को गोण्डा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सुल्तानपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं सुल्तानपुर की पुलिस अधीक्षक चारू निगम (आरआर-2014) को लखनऊ स्थित यूपी-112 मुख्यालय भेजा गया है।
अविनाश पाण्डेय (आरआर-2015) को मेरठ से हटाकर पुलिस महानिदेशक कार्यालय, लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है। जबकि बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति (आरआर-2015) को झांसी से स्थानांतरित कर मेरठ का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में अभिषेक (आरआर-2015) को बिजनौर से हटाकर गोण्डा का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। विकास कुमार (आरआर-2017) को बलरामपुर से स्थानांतरित कर झांसी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
कृष्ण कुमार (आरआर-2018) को सम्भल से हटाकर बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं विकास चन्द्र त्रिपाठी (एसपीएस) को बाराबंकी से स्थानांतरित कर सम्भल का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा मार्तण्ड प्रकाश सिंह (एसपीएस) को हरदोई से हटाकर बलरामपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इस फेरबदल के बाद गोण्डा, सुल्तानपुर, मेरठ, झांसी, बिजनौर, सम्भल और बलरामपुर समेत कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है। माना जा रहा है कि नई तैनाती के साथ संबंधित जिलों में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी अधिकारियों के सामने होगी।
