बिटिया परियोजना के तहत सोनभद्र में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का शुभारंभ
एनीमिया की रोकथाम, साबुन से हाथ धोने की आदत और किशोरियों के स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर
सोनभद्र, 23 नवंबर 2026: बालिकाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत PCI इंडिया एवं हिंडाल्को के संयुक्त सहयोग से संचालित बिटिया (BITIYA) परियोजना के अंतर्गत सोनभद्र जनपद में हैंडवॉशिंग एवं एनीमिया जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान का औपचारिक उद्घाटन 23 नवंबर 2026 को म्योरपुर ब्लॉक स्थित ABRTP परिसर में डॉ. डी.पी. सक्सेना द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों एवं समुदाय के सदस्यों के बीच एनीमिया की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, साबुन से सही तरीके से हाथ धोने तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित व्यवहारों को प्रोत्साहित करना है।
अभियान के अंतर्गत जनपद के म्योरपुर, दुद्धी एवं बभनी ब्लॉक में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक मंचों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों एवं किशोरियों को एनीमिया के लक्षणों, संतुलित एवं आयरन युक्त आहार, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के साथ-साथ साबुन से हाथ धोने की सही तकनीक और संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान में हिंडाल्को प्रबंधन (CSR), PCI इंडिया की परियोजना टीम तथा ग्राम साथियों की सक्रिय भागीदारी रही। स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय संस्थानों और सरकारी विभागों के सहयोग से जागरूकता को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
बिटिया परियोजना (Building Inclusive Trajectories for Independent and Young Adolescents) बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है। परियोजना का दृष्टिकोण केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर परिवारों और समुदायों में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करना है, ताकि प्रत्येक बालिका को स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर भविष्य के अवसर मिल सकें।
इस अभियान के माध्यम से PCI इंडिया एवं हिंडाल्को का लक्ष्य स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण व्यवहारों को सामुदायिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा बच्चों एवं किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक जागरूक और सहयोगी वातावरण तैयार करना है।
