
जनहित सर्वोपरि, मातृ-शिशु स्वास्थ्य से लेकर टीकाकरण और रोग नियंत्रण तक सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
वाराणसी। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने मंगलवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रारंभिक समीक्षा की। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सभी स्तरों पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने की बात कही कि पात्र लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय से मिले।
नए CMO ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यभार ग्रहण करने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. एन.पी. सिंह का स्वागत किया और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। डॉ. सिंह ने कहा कि हर मरीज को बेहतर जांच, उपचार और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
