दीनदयाल नगर (चंदौली) काशीवार्ता। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीडीडीयू नगर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12322 कोलकाता (मुंबई)-हावड़ा मेल एक्सप्रेस से 28 लाख रुपये की नकदी के साथ दो युवकों को पकड़ा है। बरामद नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई को स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि हावड़ा मेल के एसी-3 कोच की सीट संख्या 41 व 43 पर यात्रा कर रहे दो व्यक्ति अपने बैग में भारी मात्रा में नकदी लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी डीडीयू, आरपीएफ पोस्ट डीडीयू एवं आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने दोनों यात्रियों की तलाशी ली। जांच में उनके बैग से 28,00,000 रुपये नकद बरामद हुए। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान राहुल सोनी (38 वर्ष) और पुष्प कुमार उसरेटे (23 वर्ष), निवासी जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों बरामद धनराशि से संबंधित कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे में जीआरपी ने बरामद नकदी की सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम को दोनों व्यक्तियों एवं बरामद धनराशि को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नकदी के स्रोत तथा उसके उपयोग के संबंध में आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
