पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के टीआरएस (ट्रैक्शन रोलिंग स्टॉक) शेड में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। क्रेन का केबल अचानक टूट जाने से उसकी भारी पुल्ली नीचे कार्य कर रहे तकनीशियन के सिर पर गिर गई। हादसे में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित रेलकर्मियों ने कार्य बहिष्कार कर हंगामा किया और जर्जर उपकरणों के संचालन को लेकर अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे टीआरएस शेड के ई-3 सेक्शन में तकनीशियन प्रमोद कुमार यादव (50) नियमित रूप से अपने कार्य में लगे थे। इसी दौरान ऊपर चल रही क्रेन का केबल अचानक टूट गया, जिससे उससे जुड़ी भारी पुल्ली सीधे उनके सिर पर आ गिरी। जोरदार आवाज के साथ हुए हादसे से पूरे शेड में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकाला और वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घायल प्रमोद कुमार यादव अलीनगर थाना क्षेत्र के जंसो की मड़ई के निवासी हैं और लंबे समय से टीआरएस शेड में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा पूरी तरह अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद रेलकर्मियों में भारी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि टीआरएस शेड में लंबे समय से जर्जर और पुराने उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई बार अधिकारियों को इनकी मरम्मत और बदलने की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते उपकरणों की जांच और रखरखाव किया गया होता तो यह गंभीर हादसा टाला जा सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का आश्वासन दिया है। वहीं रेलकर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जाती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
