वाराणसी(काशीवार्ता)। बरसों के इंतजार के बाद सोनिया तालाब के दिन अब बहुरने वाले हैं। एक करोड़ की लागत से सोनिया तालाब को आकर्षक रूप प्रदान करने की तैयारी है। तालाब के चारों तरफ न सिर्फ डेढ़ मीटर चौड़ा पाथवे बनेगा, बल्कि बीच में फौव्वारा निर्मित होगा। यह सारे कार्य स्मार्ट सिटी के द्वारा संपन्न कराए जायेंगें। यह जानकारी देते हुए स्मार्ट सिटी के पीआरओ शाकंबरी नंदन ने दी। उन्होंने बताया सुंदरीकरण से तालाब के आसपास की कॉलोनियों में रहने वालो को सबसे अधिक फायदा होगा। इससे न केवल भूगर्भ जल संरक्षण में मदद मिलेगी बल्कि सुबह-शाम यहाँ लोग कुछ पल सुकून के बीता सकेंगे। तालाब के दो तरफ सीढ़िया बनायी जायेंगी तथा दो तरफ व्यू पॉइंट भी बनेंगे। जो सेल्फी प्वाइंट होगा। तालाब के बीच में एक फौव्वारा भी लगेगा जिसमे रंग बिरंगी लाइट जलेगी। रात को इसकी छटा देखते ही बनेगी। इसके अलावा तालाब के चारों तरफ लाइट भी लगायी जाएगी। जबकि, तालाब के पीछे ओपन जिम व झूले लगाये जाएँगे। बताया कि तालाब के चारों तरफ बैठने के लिए बेंच और कूड़ा फेकने के लिए डस्टबिन लगाये जाएँगे। तालाब की सुरक्षा के लिए चारो तरफ़ आठ फीट ऊँची बाउंड्री वाल खड़ी की जाएगी। बाउंड्री के चारों तरफ पेड़ लगाये जाएँगे। एक तरफ एक मूर्ति लगाने का भी प्रस्ताव है। फ़िलहाल, नगर निगम द्वारा तालाब से कूड़ा करकट और मलबा निकालने का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
बहुरेंगे सोनिया तालाब के दिन, टहलने को पाथवे, सीढ़िया और फौव्वारा लगेगा
