वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चांदपुर चौराहा से मंडुवाडीह की ओर जाने वाले मार्ग पर क्षीरसागर गोदाम के पास मंगलवार को शाम एक टोटो खुले मैनहोल के कारण पलट गया। हादसे में टोटो सवार दो लोग घायल हो गए।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर मैनहोल खुला हुआ है। बरसात के दौरान आसपास पानी भर जाने के कारण मैनहोल दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों को इसकी जानकारी नहीं हो पाती। इसी वजह से आए दिन दोपहिया और अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग इस स्थान पर गिरकर घायल हो चुके हैं।क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से खुले मैनहोल को तत्काल ढकवाने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
