
संकीर्ण मार्ग से भारी वाहनों के गुजरने पर जाम और दुर्घटना की आशंका, दिन में आवागमन रोकने और स्थायी समाधान का मिला आश्वासन
वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23 स्थित संत रविदास मंदिर मार्ग से नगर निगम की भारी कूड़ा गाड़ियों के आवागमन के विरोध में क्षेत्रीय जनता ने धरना दिया। अमन यादव के नेतृत्व में आयोजित धरने के दौरान स्थानीय लोगों ने संकरे मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर उन्हें निर्धारित हाईवे मार्ग से भेजने की मांग उठाई। नगर निगम के अधिकारियों के आश्वासन के बाद रात 11 बजे धरना समाप्त कर दिया गया।
अमन यादव ने कहा कि संत रविदास मंदिर का यह मार्ग काफी संकरा है। इसके बावजूद यहां से नगर निगम की भारी कूड़ा गाड़ियां गुजरती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को यातायात जाम और आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में इस मार्ग से भारी गाड़ियों का संचालन बंद कर वैकल्पिक हाईवे मार्ग का उपयोग किया जाना चाहिए।
धरनास्थल पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को अपर नगर आयुक्त कार्यालय से जारी पत्र दिखाया। अधिकारियों ने बताया कि भारी कूड़ा गाड़ियों के टोल प्लाजा से निर्बाध आवागमन के लिए टोल पास जारी कराने के संबंध में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को पत्र भेजा गया है। आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद भारी गाड़ियों का आवागमन संत रविदास मंदिर के संकरे मार्ग से बंद करने की बात कही गई।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद सहमति बनी कि स्वीकृति मिलने तक दिन के समय भारी कूड़ा गाड़ियां इस मार्ग से नहीं गुजरेंगी और उनका आवागमन रात में ही होगा। इसके बाद रात 11 बजे धरना समाप्त कर दिया गया।
अमन यादव ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की समस्या ही उनकी समस्या है। धरने का उद्देश्य किसी के कार्य में बाधा डालना नहीं, बल्कि लोगों को जाम और असुविधा से राहत दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता और भारी कूड़ा गाड़ियों का आवागमन निर्धारित हाईवे मार्ग से शुरू नहीं होता, तब तक इस मामले पर नजर रखी जाएगी।
धरने के दौरान लाल बहादुर यादव, रवि यादव, सुनील, वीरेंद्र, गोलू, मठलू समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
