नशे में धुत कार चालक ने बाइक में मारी टक्कर, ट्रांसफार्मर से टकराई बाइक में दौड़ा करंट, हड़कंप

वाराणसी-(काशीवार्ता)- पांडेयपुर क्षेत्र में शराब के नशे में वाहन चला रहे एक चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में पांडेयपुर नई बस्ती निवासी बाइक सवार को हल्की चोटें आई हैं। घायल को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय (डीडीयू) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई, जिससे बाइक में करंट प्रवाहित होने लगा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फैंटम दस्ते के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बिजली विभाग को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद बाइक को हटाया गया। आरोप है कि नशे में वाहन चला रहा चालक राहुल भारती निवासी बघवानाला, जैतपुरा खुद को लॉ का छात्र बता रहा था। सूचना पर लालपुर चौकी प्रभारी श्याम यादव ने बैरिकेडिंग कर वाहन को रोका और चालक को हिरासत में ले लिया। इस दौरान चालक ने पुलिसकर्मियों से भी उलझने की कोशिश की। फिलहाल घायल बाइक सवार के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

TOP

You cannot copy content of this page