
संवाददाता : काशीवार्ता, भदोही
भदोही जनपद में बुधवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे जिले में शोक का माहौल है। गुरुवार को भदोही सांसद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
सांसद ने शोक संतप्त परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को शासन स्तर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद अधिकारियों से सांसद ने घटना की जानकारी ली और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अस्पतालों में भर्ती घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा जरूरत पड़ने पर उच्च स्तरीय उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
सांसद डॉ. विनोद कुमार बिंद ने बताया कि तेज आंधी और तूफान से जिले के कई गांव प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटा हुआ है तथा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है, ताकि नुकसान का सही आकलन कर जल्द सहायता पहुंचाई जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एडिशनल एसपी सहित स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद परिजनों का दर्द और गमगीन माहौल सभी को भावुक कर गया।
