संवाददाता : ऊजभदोही
भदोही जनपद के जंगीगंज बाजार में दवा विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। यह हड़ताल आल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर की जा रही है। बैठक में जिले के दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन ई-फार्मेसी कंपनियों के बढ़ते कारोबार, भारी छूट, अवैध दवा बिक्री और दवा अधिकारियों की जांच कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुरेश चंद शुक्ला ने कहा कि कई ई-फार्मेसी कंपनियां बिना वैध डॉक्टर की पर्ची के एंटीबायोटिक और नशे की लत वाली दवाएं बेच रही हैं, जिससे मरीजों की सेहत पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट और “प्रिडेटोरी प्राइसिंग” नीति के कारण छोटे और मध्यम दवा दुकानदारों का पारंपरिक कारोबार प्रभावित हो रहा है। श्री शुक्ला ने सभी दवा विक्रेताओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।
बैठक में मनीष पांडेय, देवी शंकर पांडेय, मनीष गुप्ता, सीताराम शुक्ला, कृष्ण यादव, रामबाबू, संदीप कुमार, मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में दवा विक्रेता मौजूद रहे।
