शिवपुर थाने में कबाड़ बने जब्त वाहन, सड़क तक फैला कब्जा… जाम से जूझ रहे लोग

श्याम मोहन मिश्रा

शिवपुर। शिवपुर थाना परिसर में वर्षों से खड़े जब्त वाहनों का अंबार अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। आपराधिक मामलों में जब्त, दुर्घटनाग्रस्त और लावारिस वाहन थाने के आसपास से लेकर सड़क किनारे तक खड़े हैं। कई वाहन मिट्टी में धंसकर खुले में ही जंग खा रहे हैं और कूड़े-कबाड़ की तरह दिखाई दे रहे हैं।

थाना परिसर से सड़क तक वाहनों का कब्जा

थाने में जगह की कमी के बावजूद पुराने वाहनों का समय से निस्तारण नहीं होने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। वाहनों के सड़क किनारे खड़े होने से सड़क का हिस्सा संकरा हो गया है। व्यस्त समय में यहां आवागमन प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

अधिकारी आए तो बढ़ जाती है मुसीबत

शिवपुर थाने पर जब उच्च अधिकारियों का आगमन होता है तो पुलिस वाहनों और काफिले की आवाजाही बढ़ जाती है। पहले से संकरी सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से खड़े वाहनों के निस्तारण के लिए प्रभावी और स्थायी व्यवस्था जरूरी है।

निस्तारण का प्रावधान, फिर भी वर्षों से इंतजार

जब्त वाहनों और संपत्ति के संबंध में न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत कब्जे, सुपुर्दगी अथवा निस्तारण के आदेश की व्यवस्था है। बीएनएसएस में भी ऐसी संपत्ति के संबंध में मजिस्ट्रेट के स्तर से आवश्यक कार्रवाई का प्रावधान है। उत्तर प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर भी थानों में लंबित वाहनों के निस्तारण से संबंधित डीजीपी स्तर का परिपत्र संख्या 43 दर्ज है।

अब सवाल उठ रहा है कि शिवपुर थाने के आसपास वर्षों से खड़े इन वाहनों का निस्तारण आखिर कब होगा? सड़क तक बढ़ चुके वाहनों के कब्जे से लोगों को राहत कब मिलेगी और जाम की समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा?

TOP

You cannot copy content of this page