सुबह-सुबह नमो घाट पर लगा महाजाम,एयर शो की भीड़ और बेतरतीब पार्किंग से ट्रैफिक फेल, दो घंटे तक फंसे रहे स्कूली वाहन

वाराणसी-(काशीवार्ता)- आज सुबह वाराणसी के प्रमुख पर्यटन स्थल नमो घाट का रास्ता महाजाम की चपेट में आ गया। सुबह 7 बजे से ही नमो घाट ट्रैफिक प्वाइंट से लेकर सामनेघाट, अस्सी और राजघाट की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एयर शो देखने आए सैलानियों और सुबह-ए-बनारस देखने पहुंची भीड़ के कारण हालात और बिगड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब दो घंटे तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। स्कूली बसें, एंबुलेंस और ऑफिस जाने वाले लोग जाम में फंसे रहे। बाइक सवारों ने फुटपाथ से निकलने की कोशिश की तो और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि नमो घाट पर पार्किंग की कोई व्यवस्थित व्यवस्था नहीं है। घाट के बाहर ही सड़क पर बेतरतीब खड़े चार पहिया और ऑटो के कारण एक लेन पूरी तरह बंद हो गई। दूसरी तरफ एयर शो के चलते पुलिस का फोकस दूसरे रूटों पर होने से यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी नदारद रहे। सूचना पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन मंगाकर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया और करीब 9:30 बजे के बाद जाम खुल सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज सुबह नमो घाट पर यही हाल रहता है। प्रशासन को यहां स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस तैनात कर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, नहीं तो एयर शो के मुख्य दिनों 24-25 अक्टूबर को हालात और बेकाबू हो जाएंगे।

TOP

You cannot copy content of this page