बरेका ग्राउंड में रावण दहन की तैयारी पूरी, खड़े हुए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले; विजयादशमी पर दिखेगा भव्य नजारा

वाराणसी। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व मनाने के लिए वाराणसी के बरेका ग्राउंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दशहरा उत्सव को लेकर मैदान में उत्साह का माहौल है। रावण दहन के लिए रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतलों को खड़ा कर दिया गया है। इन पुतलों के तैयार होने के साथ ही आयोजन स्थल पर दशहरे की रौनक नजर आने लगी है।

बरेका ग्राउंड में हर वर्ष होने वाले दशहरा आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार भी रावण दहन को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मैदान में तीनों पुतलों को स्थापित कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। विजयदशमी के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोजन स्थल के पूरे ग्राउंड में बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों के आवागमन को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है।

रावण दहन से पहले बरेका ग्राउंड में रामायण पर आधारित लगभग चार घंटे के नाट्य रूपांतरण का मंचन भी किया गया। इस मंचन के जरिए भगवान श्रीराम की कथा और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश प्रस्तुत किया गया। ग्राउंड में तैयारियां पूरी होने के बाद दशहरा उत्सव को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़ गया है।

TOP

You cannot copy content of this page