
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में लहरतारा फ्लाईओवर के पास बुधवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने एक कैफे एंड रेस्टोरेंट में छापा मारा। पुलिस टीम ने मौके से दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कैफे के बाहर करीब 50 से 55 स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने कैफे को बंद कराने की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की। स्थानीय लोगों का आरोप था कि पिछले कई महीनों से कैफे में युवक-युवतियों का लगातार आना-जाना लगा हुआ था। लोगों ने यह भी बताया कि कैफे को लेकर पहले लहरतारा पुलिस चौकी पर गोपनीय शिकायत की जा चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कैफे में मौजूद चार लोगों को थाने ले जाया गया।
मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि दो युवक और दो युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान कैफे से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। पूछताछ के बाद दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
