
वाराणसी में प्रधानमंत्री का काफिला जनरैली के रूप में बाबा विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। बीएलडब्ल्यू से शुरू हुआ यह काफिला सर्किट हाउस, कचहरी, पुलिस लाइन, सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट और लहुराबीर जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा। पूरे रास्ते को सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह से सील किया गया था और जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात रहा।
काफिले के निकलने से पहले प्रशासन ने सड़कों को पूरी तरह से साफ और सेनेटाइज कराया। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोग हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर खड़े रहे और जैसे ही काफिला उनके सामने से गुजरा, “पीएम मोदी जिंदाबाद” और “योगी जिंदाबाद” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
इस दौरान पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के उत्साह के बीच प्रधानमंत्री का यह रोड शो काशी की सड़कों पर एक खास छाप छोड़ गया।
