प्रेम-प्रसंग में पति की हत्या, फिर रची सड़क हादसे की साजिश! 24 घंटे में खुला राज, पत्नी और प्रेमी समेत 4 गिरफ्तार

सोनभद्र। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में एनसीएल के सीनियर ओवरमैन रमाशंकर मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रेम-प्रसंग में की गई हत्या थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे ले जाकर वाहन से चोट पहुंचाई और पूरी घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सड़क किनारे मिला था शव, पुलिस को हुआ शक

23 अगस्त 2026 को शक्तिनगर क्षेत्र के बीना स्टेडियम/जमशीला के पास बीना कॉलोनी निवासी रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। रमाशंकर मिश्रा एनसीएल बीना में सीनियर ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे। पहली नजर में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 162/2026, धारा 103(2)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों ने खोली हत्या की परतें

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच के साथ कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों को खंगाला। जांच आगे बढ़ी तो सड़क हादसे की कहानी पर सवाल उठने लगे। पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और आखिरकार हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।

पत्नी और प्रेमी ने मिलकर दबाया गला!

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त की रात रमाशंकर मिश्रा ने कथित तौर पर दोनों को घर पर देख लिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान प्रियंका मिश्रा और विकास चौहान ने कथित रूप से रमाशंकर मिश्रा का गला दबाया और पत्थर के फर्श पर उनका सिर पटककर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को सड़क पर ले गए

मौत के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कथित तौर पर हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक विकास चौहान ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर और गमछे में लपेटा और सड़क किनारे ले जाकर लिटा दिया।

इसके बाद वाहन से शव को चोट पहुंचाकर ऐसा दिखाने का प्रयास किया गया कि रमाशंकर मिश्रा की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।

पत्नी, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

शक्तिनगर पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  1. विकास चौहान, पुत्र यदुनंदन चौहान, निवासी बीना कॉलोनी, उम्र करीब 25 वर्ष।
  2. प्रियंका मिश्रा, पत्नी स्वर्गीय रमाशंकर मिश्रा, निवासी बीना कॉलोनी, उम्र करीब 35 वर्ष।
  3. अनुराग सिंह उर्फ बादल, पुत्र ध्रुव कुमार सिंह, निवासी बीना कॉलोनी, उम्र करीब 18 वर्ष।
  4. सोनू गुप्ता, पुत्र सुभाष गुप्ता, निवासी जमशीला।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला पूरा मामला

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक शक्तिनगर सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

अनावरण करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, कांस्टेबल सत्यम सरोज, अरुण कुमार, अमन सिंह और अमृत लाल शामिल रहे।

संदिग्ध सड़क हादसे से शुरू हुई जांच ने 24 घंटे के भीतर हत्या और उसे दुर्घटना का रूप देने की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से एनसीएल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

TOP

You cannot copy content of this page