वाराणसी में पुलिस आयुक्त का बड़ा एक्शन: 9 थानेदार बदले, 3 लाइन हाजिर

मासिक अपराध समीक्षा में मोहित अग्रवाल ने कसी पुलिसिंग की नकेल, बोले- बेहतर काम करने वाले ही थाने पर रहेंगे, लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान खराब प्रदर्शन और लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। समीक्षा के दौरान तीन निरीक्षकों को पुलिस लाइन भेज दिया गया, जबकि कई थानों के प्रभारी बदल दिए गए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बेहतर पुलिसिंग ही पुलिस अधिकारियों की पहचान बनेगी और लापरवाही किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

फेरबदल के तहत फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह को पुलिस लाइन भेजते हुए जनपद स्थानांतरण के लिए कार्यमुक्त किया गया। वहीं चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा और राजातालाब थाना प्रभारी निरीक्षक दयाराम को भी पुलिस लाइन भेजा गया।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

अजय राज वर्मा को मंडुवाडीह थाना प्रभारी से हटाकर प्रभारी निरीक्षक फूलपुर बनाया गया है। विजय कुमार शुक्ला को चेतगंज से हटाकर प्रभारी निरीक्षक चौक की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी क्रम में उप निरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय को लोहता से हटाकर थानाध्यक्ष मंडुवाडीह, उप निरीक्षक पवन पाण्डेय को रमना चौकी प्रभारी से हटाकर थानाध्यक्ष चेतगंज बनाया गया है। उप निरीक्षक अभिजीत सिंह, जो पुलिस आयुक्त कार्यालय में मीडिया सेल के प्रभारी थे, अब थानाध्यक्ष लोहता होंगे। वहीं उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार को रोहनिया से हटाकर थानाध्यक्ष राजातालाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ACP स्तर पर भी फेरबदल

सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर भी बदलाव किया गया है। अपूर्व पाण्डेय को ACP कैंट से हटाकर ACP साइबर क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अवकाश से वापस लौटीं प्रज्ञा पाठक को ACP कैंट बनाया गया है।

जनसुनवाई से लेकर साइबर ठगी तक, 12 सख्त निर्देश

अपराध समीक्षा के दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी थानेदार रोजाना जनसुनवाई करें और CUG मोबाइल पर आने वाली कॉल का जवाब दें। किसी कारणवश कॉल न उठा पाने पर अनिवार्य रूप से कॉल बैक करने और आमजन से शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने D-60 और D-90 श्रेणी के लंबित मामलों की विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। महिला अपराधों में तत्काल FIR और त्वरित कार्रवाई के साथ लूट व चेन स्नैचिंग की घटनाओं के 100 प्रतिशत अनावरण के लिए विशेष टीम लगाने के निर्देश दिए।

जुआ, सट्टा, देह व्यापार, अवैध हुक्का बार और मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के लिए SOG-2 का गठन किया गया है। इसका प्रभारी उप निरीक्षक पंकज सिंह चौहान को बनाया गया है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी का कोई अपराधी यदि दूसरे जनपद में अपराध करता है तो संबंधित थानेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साइबर ठगी के मामलों में धारा 111 BNS और 107 BNSS का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए पीड़ितों को धनराशि वापस दिलाने पर विशेष जोर दिया।

अतिक्रमण और स्कूलों की सुरक्षा पर भी नजर

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यापार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा प्रतिदिन पैदल गश्त के निर्देश दिए गए। स्कूल, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में CCTV की जांच करने और मनचलों व शोहदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया।

सभी थानों में CCTV कैमरे 24 घंटे चालू रखने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक FIR और गुमशुदगी के मामलों की ACP स्तर पर नियमित समीक्षा होगी।

आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दो टूक कहा कि प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय की गई है। अच्छा काम करने वाला ही थाने पर रहेगा, जबकि निष्क्रियता और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page