वाराणसी- आदमपुर पुलिस ने एआई से पुलिस बल की फर्जी तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।एफआईआर No. 0175 / 2026, आदमपुर चौकी प्रभारी लाट भैरव उप निरीक्षक बलिराम यादव की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई है। एफआईआर के मुताबिक 23 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक बाबा लाट भैरव का तिलकोत्सव और विवाहोत्सव कार्यक्रम मनाया गया था। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और आर्केस्ट्रा में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल की ड्यूटी लगी थी।
इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने जब कलाकार नृत्य कर रही थीं, उनके पास AI से जनरेटेड पुलिस बल की तस्वीर लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जबकि हकीकत में बनाए जा रहे वीडियो में नृत्य कर रही महिलाओं के पास पुलिस बल दिखाई ही नहीं दे रहा था। पुलिस का कहना है कि एआई फोटो/वीडियो लगाकर पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। इस पर थाना आदमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 और 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की जांच उप निरीक्षक अखिल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सोर्स और एआई से छेड़छाड़ करने वाले अकाउंट्स की पहचान कर रही है।
