
भदोही। गोपीगंज थाना क्षेत्र के जंगीगंज बाजार में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीसीएम चालक सुरेंद्र कुमार पांडेय अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी कर बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया। चालक के इस कदम से राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर लंबा जाम लग गया और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार पांडेय (पुत्र बैजनाथ पांडेय), निवासी ग्राम अभीनई, जनपद सुल्तानपुर, अपनी डीसीएम लेकर जंगीगंज बाजार पहुंचा था। आरोप है कि बाजार में गाड़ी खड़ी करने को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। इस दौरान युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बेटी को लेकर अभद्र टिप्पणी की। इससे आक्रोशित चालक ने अपनी डीसीएम हाईवे की उत्तरी लेन पर खड़ी कर दी, जिससे जाम लग गया, और वह सीधे बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया।
टावर पर चढ़कर चालक लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करता रहा और कहता रहा कि बेटी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस भी पहुंच गई।
प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने चालक के परिजनों से संपर्क किया। उसके ससुराल पक्ष से साले पवन मिश्रा को मौके पर बुलाया गया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लगभग चार घंटे बाद चालक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ।
चालक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस उसे गोपीगंज थाने ले गई, जहां पूरे मामले में पूछताछ की गई। घटना के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और पुलिस को व्यवस्था बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
