छात्रों की मांग सही, लेकिन विपक्ष कर रहा राजनीति; ओमप्रकाश राजभर का राहुल-अखिलेश पर हमला

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायतीराज एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने छात्रों की परीक्षा व्यवस्था में सुधार संबंधी मांग को उचित बताया, लेकिन इस मुद्दे पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी द्वारा किए जा रहे आंदोलन को राजनीतिक करार दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए, लेकिन विपक्ष उनके नाम पर राजनीति कर रहा है।

मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने गए थे, लेकिन प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए गए। उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी, आजाद समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता छात्रों को भड़काने पहुंचे, जबकि लाठीचार्ज के समय उन्हें छोड़कर चले गए।

राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में खुलेआम नकल और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नकलविहीन परीक्षाएं कराने के लिए प्रतिबद्ध है और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

इस दौरान मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा पौधरोपण और जल संरक्षण का संदेश भी दिया।

छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर उन्होंने कहा कि वह किसी भी तरह के लाठीचार्ज का समर्थन नहीं करते, लेकिन जो लोग छात्रों को भड़काते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में नौकरियों के लिए बोली लगती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना भ्रष्टाचार के प्रदेश में नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं।

प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है, जिला अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बनने से राजधानी तक आवागमन आसान हुआ है। इसके साथ ही अधिकांश घरों में शौचालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के एजेंडे पर लगातार कार्य कर रही है।

TOP

You cannot copy content of this page