यलो अलर्ट भी फीका: 12 घंटे में सिर्फ 17 मिमी बारिश, 25 जुलाई तक कोई चेतावनी नहीं

वाराणसी। काशी में मंगलवार को मौसम विभाग के यलो अलर्ट के बावजूद उम्मीद के अनुरूप बारिश नहीं हुई। जिले में 12 घंटे के दौरान केवल 17 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि यलो अलर्ट के मानक के अनुसार इस अवधि में 50 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश होनी चाहिए थी। यानी वास्तविक वर्षा अलर्ट के मानक से करीब तीन गुना कम रही।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मानसून की सक्रियता के आधार पर लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं, लेकिन वाराणसी में इस बार बारिश उम्मीद और निर्धारित मानकों दोनों से कम रही है। सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे तक बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हुई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। हालांकि इसके बाद दिनभर बारिश का असर कमजोर पड़ गया।

मौसम विभाग ने बुधवार के बाद वाराणसी के लिए किसी भी प्रकार का नया मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है। फिलहाल 25 जुलाई तक जिले में कोई चेतावनी नहीं है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम रहेगी।

मंगलवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया और यह 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था।

दोपहर में कुछ समय के लिए तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। हालांकि इसके बाद 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने राहत पहुंचाई और तापमान फिर से 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल वाराणसी में हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के आसार नहीं हैं।

TOP

You cannot copy content of this page