वाराणसी में जलभराव से राहत के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई के निर्देश: ए.के. शर्मा

वाराणसी, 26 अगस्त 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बारिश से उत्पन्न जलभराव पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाकर नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। बारिश के दौरान कहीं भी जल निकासी बाधित न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने सीवर व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विशेष जोर

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान श्री ए.के. शर्मा ने वर्षा काल में निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल, तार, ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों का लगातार निरीक्षण करने तथा संभावित खतरों को पहले से चिन्हित कर तत्काल दूर करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। तार टूटने, जलभराव वाले स्थानों पर विद्युत प्रवाह या किसी अन्य जोखिम की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।

फील्ड में उतरकर समस्याओं का समाधान करें अधिकारी

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन शहर में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को बारिश के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा।

बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार, नगर आयुक्त श्री हिमांशु नागपाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

TOP

You cannot copy content of this page