
शिवपुर, वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित पुराने मान्यवर काशीराम आवास योजना में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर छज्जा अचानक टूटकर गिरने से 52 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ब्लॉक नंबर 61, कमरा नंबर 11 निवासी शीतल उर्फ शतालू छत पर कपड़े सुखाने गया था। इसी दौरान दूसरे तल का वर्षों पुराना जर्जर छज्जा भरभराकर टूट गया। छज्जे की चपेट में आने से युवक नीचे गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभाला और उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
स्थानीय निवासियों ने काशीराम आवास के जर्जर भवनों की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल निरीक्षण एवं मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
